ब्रेकिंग न्यूज़

“डी०एस०बी० परिसर नैनीताल के वाणिज्य विभाग में प्रारंभ हुआ 12 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम”

नैनीताल। वाणिज्य विभाग, डी०एस०बी० परिसर नैनीताल में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड के अधीन संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम (ई०डी०पी०) का प्रारंभ कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल के वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो अतुल जोशी की अध्यक्षता में हुआ।

इस अवसर पर अपने उदबोधन में प्रो अतुल जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत छात्र छात्राओं को उद्यमिता एवं नवाचार के लिये प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अच्छे विजनेस आइडियाज वाले छात्र छात्राओं को विभिन्न पहलुओं पर उन्हे आगे बढ़ाने के लिये तथा उनकी सहायता हेतु और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सहायक होगा।

उन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करते हुआ कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के सीमित अवसरों को देखते हुए रोजगार की तलाश करने की अपेक्षा रोजगार प्रदाता बनने का प्रयास नई पीढ़ी को करना चाहिये। कार्यक्रम में मुख्य समन्वयक के रूप में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद, (ई०डी०आई०) से आए श्री सुमित कुमार मिश्रा ने देवभूमि उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला तथा प्रतिभागियों को उद्यम के क्षेत्र में आगे बढ़ने को प्रोत्साहित किया।

उनके द्वारा इस 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की योजना, उद्देश्य एवं भावी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को भी पंजीकरण हेतु प्रोत्साहित किया एवं पंजीकरण में हो रही समस्याओं को दूर करने में सहायता की। इसके साथ ही  सुमित कुमार मिश्रा के द्वारा उपस्थित प्रशिक्षुओं को उद्यमिता के विभिन्न पक्षों पर परामर्श दिया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम के समापन पर डॉ० विनोद जोशी द्वारा सभी आगंतुकों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ० जीवन चंद्र उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ० विजय कुमार, डॉ० निधि वर्मा, डॉ० हिमानी जलाल, अंकिता आर्या, डॉ० पूजा जोशी, डॉ० विनोद जोशी, रीतिशा शर्मा, डॉ० गौतम रावत, अनिल दैला, घनश्याम पालीवाल, बिशन इत्यादि का सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रो अतुल जोशी संकायाध्यक्ष/विभागाध्यक्ष – वाणिज्य डी०एस०बी० परिसर कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : तल्ला रामगढ़ और झूतियां में क्षेत्रवासियों से मिले हरीश पनेरु, समस्याओं और विकास कार्यों पर किया संवाद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.