ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल के खुर्पाताल के ग्रामीण, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कार्रवाई को लेकर एडीएम विवेक राय माध्यम से जिला अधिकारी को दिया ज्ञापन

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। खुर्पाताल क्षेत्र में ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताते हुए एडीएम विवेक राय के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा ग्राम प्रधान (प्रधान पति) के खिलाफ बिना किसी ठोस प्रमाण के झूठे एवं निराधार आरोप लगाए गए, जिन्हें 22 मार्च 2026 को समाचार पत्र में भी प्रकाशित किया गया। ग्रामीणों ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बिना जांच और सत्यापन के इस प्रकार समाचार प्रकाशित होना गलत है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका पंचायत के कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न कर रही हैं। उनका कहना है कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान भी व्यवधान डाला गया और “खेल महाकुंभ” जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में विद्यालय मैदान के मुख्य द्वार की चाबी तक उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे कार्यक्रम प्रभावित हुए।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है तथा मामला बीटीसी स्तर पर भी उठाया गया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ उचित कार्रवाई और शीघ्र स्थानांतरण की मांग की है। साथ ही 22 मार्च को प्रकाशित समाचार की भी जांच की मांग की गई है।

इसके अलावा ग्रामीणों ने चारखेत से लेकर नलनी-घटगढ़ क्षेत्र के बीच प्रस्तावित सरकारी शराब की दुकान का भी जोरदार विरोध किया। उन्होंने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने और टेंडर प्रक्रिया पर स्थायी रोक लगाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि इस फैसले से क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्या देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान खुर्पाताल हंसी नेगी, ग्राम प्रधान अधौड़ा प्रेमा मेहरा, ग्राम प्रधान खमारी हेम बहुखंडी, ग्राम प्रधान जलाल गांव खुशाल, ग्राम प्रधान गहलना कीर्ति आर्या, ग्राम प्रधान नलनी गोविंद सिंह अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में दर्दनाक हादसा: भूमियाधार के पास कार गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, दो गंभीर घायल

You missed

error: Content is protected !!