ब्रेकिंग न्यूज़

चंपावत के टैक्सी ड्राइवर का बेटा बना विदेश मंत्रालय में अफसर, ऑल इंडिया लेवल पर 57वीं रैंक

चम्पावत। जिले के सिमाड़ गांव से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां एक साधारण परिवार से आने वाले संदीप कुमार ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है।

सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) की परीक्षा पास कर विदेश मंत्रालय में अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है।

संदीप के पिता पुष्कर राम टैक्सी चालक हैं, लेकिन आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। संदीप ने ऑल इंडिया रैंक 2016 और अपनी कैटेगरी में 57वीं रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और जिले में खुशी का माहौल है।

संदीप की शुरुआती शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय सैंडला सिमाड़ से हुई। इसके बाद उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, चम्पावत में हुआ, जहां से उन्होंने PCM विषय से इंटरमीडिएट किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा।

खास बात यह रही कि संदीप ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की, जो उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को दर्शाती है। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

संदीप की सफलता से उनके परिवार में गर्व का माहौल है। उनकी माता सरिता देवी, जो एक गृहिणी हैं, ने हर कदम पर उनका साथ दिया। वहीं, क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  चोरी कांड में रुद्रपुर के चार आबकारी कर्मचारी गिरफ्तार, बरामद जेवरात-नकदी खुर्द-बुर्द करने का आरोप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.