ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल ( नैनीताल)।  बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन और आधुनिक सुविधाओं से छात्रों को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और संकल्प ही भारत को आगे ले जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा देने की है।

मुख्यमंत्री ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान वर्षों से पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के छात्र देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं, सेना तथा स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो युवाओं को रोजगार देने वाला बना रही हैं। साथ ही राज्य सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति लागू कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि 20 मॉडल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण हो रहा है। साथ ही ‘शेवनिंग उत्तराखंड छात्रवृत्ति’, ‘इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड’ और ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को वैश्विक स्तर के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शोध को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान में ड्रोन लैब स्थापित करने और कंप्यूटर विभाग के उच्चीकरण के लिए 50 लाख रुपये, तथा ऑडिटोरियम के लिए 50 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की।

इसके साथ ही उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें भीमताल में उप तहसील का गठन, ओखलकांडा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे मशीन, भीमताल सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन, लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोर निर्माण, रामगढ़, धारी व ओखलकांडा में मंडी निर्माण तथा ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण शामिल हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : भवाली बायपास पर भू-स्खलन, मलवा गिरने से यातायात ठप

You missed

error: Content is protected !!