ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पिथौरागढ़। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद घायल पिता पूरी रात तड़पते रहे, लेकिन आरोपी बेटे को जरा भी रहम नहीं आया।

पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर पुरान गांव निवासी 50 वर्षीय राज मिस्त्री बिशन राम का शुक्रवार रात अपने छोटे बेटे गौरव के साथ किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गौरव ने घर में रखे हथौड़े से पिता के सिर, छाती और पैरों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले के बाद आरोपी गौरव अपने कमरे में जाकर सो गया, जबकि बिशन राम लहूलुहान हालत में पूरी रात अचेत पड़े रहे। रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

शनिवार सुबह करीब आठ बजे बिशन राम के भतीजे सूरज कुमार को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सीटी स्कैन और एक्स-रे कराने के बाद ऑपरेशन की तैयारी शुरू की। हालांकि, दोपहर करीब पौने तीन बजे उपचार के दौरान बिशन राम ने दम तोड़ दिया।

कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

मृतक के भतीजे सूरज कुमार के अनुसार, आरोपी गौरव लंबे समय से नशे का आदी था, जिसके चलते परिवार भी उससे अलग रह रहा था।

उन्होंने कहा कि अगर रात में घटना की जानकारी मिल जाती, तो शायद बिशन राम की जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें :  बिहार में सत्ता परिवर्तन: सम्राट चौधरी बनेंगे नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को शपथ; दो डिप्टी सीएम भी तय
error: Content is protected !!