ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। भवाली में पंडित दीन दयाल उपाध्याय सहकारित किसान कल्याण योजना के तहत करोड़ों रुपये की अनियमितताओं और फर्जी ऋण आवंटन का मामला सामने आया है।

इस संबंध में हल्द्वानी निवासी राजेन्द्र सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को तहरीर देकर तत्कालीन बैंक प्रबंधक, समिति सचिवों, कर्मचारियों और लाभार्थियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2023-24 में विकासखंड बेतालघाट क्षेत्र में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिए जाने थे, लेकिन नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक गरमपानी शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने मिलीभगत कर नियमों को ताक पर रखकर फर्जी तरीके से ऋण स्वीकृत कर दिए।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बिना अनुश्रवण समिति की संस्तुति और बैठक के कई ऐसे लोगों को ऋण दे दिया गया जो पहले से सहकारी समितियों के बकायेदार थे। इसके लिए कथित रूप से गलत अदेय प्रमाण पत्र, फर्जी शपथ पत्र और कूटरचित प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की गईं। शिकायत के मुताबिक करीब 68 लाख 50 हजार रुपये का ऋण अनियमित तरीके से वितरित किया गया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कई लाभार्थियों के खातों से ऋण की रकम निकलवाकर उसका व्यक्तिगत उपयोग किया गया। कई किसानों और समिति सदस्यों ने भी लिखित रूप से धनराशि के दुरुपयोग की शिकायत की है।

राजेन्द्र सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत पहले भी सहकारिता विभाग, उत्तराखंड शासन और थाना हल्द्वानी समेत अन्य अधिकारियों से की गई थी। संयुक्त निबंधक सहकारी समितियों द्वारा कराई गई जांच में भी अनियमितताओं की पुष्टि होने का दावा किया गया है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मामले में शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  भूगड़ा लिफ्ट पेयजल योजना निर्माण की उठी मांग, ग्रामीणों ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
error: Content is protected !!