ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कैंचीधाम के पास शिप्रा नदी में डूबने से राजस्थान के 21 वर्षीय पर्यटक की मौत, SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

नैनीताल।  कैंचीधाम के समीप शिप्रा नदी में नहाते समय एक पर्यटक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, कैंचीधाम आश्रम से कुछ किलोमीटर दूर रामगढ़ क्षेत्र स्थित शिप्रा नदी में शनिवार को पर्यटकों का एक समूह घूमने पहुंचा था। सुहावने मौसम के बीच सभी नदी में नहाने और मौज-मस्ती के लिए उतर गए। इसी दौरान राजस्थान निवासी 21 वर्षीय प्रिंस गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी प्रयासों के बाद युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला। मौके पर ही उसे कृत्रिम श्वास (सीपीआर) और ऑक्सीजन देकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। अस्पताल में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के पुष्कर जीना, अमित टम्टा, गणेश मेहरा, विपुल भट्ट, कमल जोशी और विक्रम सिंह सहित नैनीताल जिला पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदियों और बरसाती जलधाराओं में न उतरें। पहाड़ी क्षेत्रों की नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 13 अगस्त 2026

You missed

error: Content is protected !!