उत्तराखंड पीसीएस-2024 में बेटियों का जलवा, लोहाघाट की अदिति पुनेठा बनीं डिप्टी एसपी रैंक की टॉपर
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग ने यह परिणाम संशोधित मुख्य परीक्षा के बाद 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण एवं चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर जारी किया है। परिणाम घोषित होते ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार डिप्टी कलेक्टर पद के लिए नौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) पद के लिए 10 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं। इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के पांच पदों, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर भी चयन हुआ है। वहीं सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी (शहरी विकास विभाग) के सात पदों पर अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है।
बेटियों का रहा दबदबा
इस वर्ष के परिणाम में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। डिप्टी कलेक्टर पद की मेरिट सूची में जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) पद की मेरिट में अदिति पुनेठा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर के साथ वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन हुआ है।
पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेठा के अलावा ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, साक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी ने सफलता हासिल की है।
कौन हैं डिप्टी एसपी टॉपर अदिति पुनेठा
चंपावत जनपद के लोहाघाट क्षेत्र की रहने वाली अदिति पुनेठा ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में डिप्टी एसपी रैंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अदिति मूल रूप से लोहाघाट के भुमलाई गांव की निवासी हैं और वर्तमान में ठाड़ा ढूंगा, लोहाघाट में रहती हैं।
अदिति के पिता दीपक पुनेठा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में शाखा प्रबंधक के पद पर बागेश्वर में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता भावना पुनेठा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। साधारण परिवार से आने वाली अदिति की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने की नई प्रेरणा दी है।
अदिति पुनेठा की इस उपलब्धि पर लोहाघाट, चंपावत और बागेश्वर सहित पूरे उत्तराखंड से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और प्रदेश की प्रतिभाओं को नई दिशा देगी।

