ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी-कालाढूंगी क्षेत्र में चलाया जाएगा व्यापक वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से जुड़ने की अपील

हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पखवाड़े का शुभारंभ सोमवार को हल्द्वानी के कमलुआगांजा रोड स्थित उषा रूपक कॉलोनी, हनुमान मंदिर के समीप उत्साहपूर्वक किया गया। सवर्ण शक्ति संगठन उत्तराखंड एवं सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के दौरान आम, अमरूद, नींबू, आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल करने और उत्तराखंड को हराभरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सवर्ण शक्ति संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष भुवन भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से पूरे देश को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन हल्द्वानी से कालाढूंगी तक हरित क्रांति का अभियान चलाएगा। उनका कहना था कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और पालन-पोषण भी उतना ही आवश्यक है।

संगठन की अध्यक्ष सीमा बत्रा ने कहा कि महिलाएं समाज की नींव होती हैं और जब वे पर्यावरण संरक्षण का दायित्व उठाती हैं तो पूरा परिवार इस अभियान से जुड़ जाता है। उन्होंने घर-घर हरियाली पहुंचाने का आह्वान किया।

तेज सिंह कार्की ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का प्रतीक है। वृक्षारोपण को राष्ट्र सेवा बताते हुए उन्होंने हल्द्वानी को हरा-भरा बनाने का संकल्प दोहराया।

सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ज्योति अवस्थी ने कहा कि व्यापार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरेला पखवाड़े के माध्यम से हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में हरित क्रांति का अभियान चलाया जाएगा तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख दीपाली कन्याल ने कहा कि एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ियों को जीवन देने के समान है। उन्होंने इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।

संजय बिष्ट ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में लगातार पेड़ों की कटाई चिंता का विषय है। इसे देखते हुए संगठन ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ उत्तराखंड के नाम”, “एक पेड़ देवभूमि के नाम” और “एक पेड़ लगाएं, भविष्य बचाएं” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

इस अवसर पर संजय बिष्ट, सतीश तिवारी, दीप्ती गुरूरानी, मीनाक्षी, तरजीत कौर, पूजा भट्ट, ममता आहूजा, भवान बिष्ट, मृदुला, प्रभा खनका, अलका वैष्णेय, मंजू साह, प्रियंका सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए किया गया।

यह भी पढ़ें :  कस्टमर केयर नंबर खोजना पड़ा भारी , कर्मचारी बन साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए लाखों रुपए

You missed

error: Content is protected !!