हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र से एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.09 ग्राम स्मैक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को थाना बनभूलपुरा पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चिराग अली शाह बाबा मजार के पास गेट लाइन नंबर-18 से एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.09 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल खान (26 वर्ष) पुत्र अय्युब खान निवासी गोलापार बागजाला, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 91/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

