भीमताल में 96 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, विश्व पर्यावरण दिवस पर अधिक पेड़ लगाने का किया आह्वान
नैनीताल/भीमताल। मुख्यमंत्री गुरुवार को नैनीताल और भीमताल दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नैनीताल में उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीशों से मुलाकात की तथा नैनीताल क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने कुछ नेताओं के कारण पार्टी की छवि प्रभावित होने और संगठन में नाराजगी जैसी बातों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश देते हुए आश्वस्त किया कि पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता के उत्तराखंड दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समय-समय पर सेना का अपमान करने वाले बयान देते रहे हैं और प्रदेश की जनता ऐसे रवैये को स्वीकार नहीं करेगी।
वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी का भीमताल आगमन भव्य स्वागत के बीच हुआ।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने जिले में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें काठगोदाम बाईपास, काठगोदाम पुल निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


