ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामपुर रोड स्थित गोदाम में आधी रात लगी आग, चार्जिंग में लगी स्कूटी और टेंपो भी जले; करोड़ों के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी। उत्तराखंड के प्रमुख शहर हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि पूरा स्टोर कुछ ही देर में आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेजन के स्टोर में शुक्रवार आधी रात के बाद अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। स्टोर के समीप स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और लपटें उठती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एसपी सिटी मनोज कत्याल भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्टोर का शटर बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक आग पूरे स्टोर में फैल चुकी थी।

आग बुझाने के बाद जब टीम ने अंदर तलाशी ली तो वहां मौजूद दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत जलने और दम घुटने से होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) भेज दिया गया।

अग्निकांड में स्टोर में रखा बड़ी मात्रा में सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। वहीं चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्टोर बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर ही मौजूद थे।

फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग में लगे वाहन से आग भड़कने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने मृतक कर्मचारियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

यह भी पढ़ें :  नगर पालिका कर्मचारी ने लगाई फांसी, फंदे से लटका मिला शव

You missed

error: Content is protected !!