ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में 21 वर्षीय युवती रहस्यमय ढंग से लापता, समोसे लेने निकली थी घर से

हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड क्षेत्र से 21 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपनी मामी के घर आई हुई थी और बाजार से समोसे लेने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 11 मई की शाम करीब 5:30 बजे रामपुर रोड निवासी एक महिला ने अपनी 21 वर्षीय भांजी को पास की दुकान से समोसे लाने के लिए भेजा था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब युवती घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।

महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ था और उस समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके कारण वे तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सकीं। बाद में उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में युवती मानसिक रूप से परेशान बताई गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि युवती के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं परिक्षेत्र को मिली नई कमान, आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाला कार्यभार; कैंची धाम मेले की तैयारियों का लिया जायजा
error: Content is protected !!