कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने pwd व पेयजल विभाग के अधिकारियो को बरसात से पहले व्यवस्था दुरस्त करने के दिए निर्देश
सड़क, पेयजल, बिजली और आपदा प्रबंधन की तैयारियां समय पर पूरी करने के आदेश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD), पेयजल, सिंचाई, विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को बरसात से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा के दौरान बंद होने वाले मोटर मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पहले से जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की जाएं। उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बरसात से पहले सभी मुख्य और संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिजली और पेयजल सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को भी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को परेशानी हुई, जलभराव की स्थिति बनी रही या मोटर मार्ग लंबे समय तक बंद रहे तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
“मानसून से पहले उत्तराखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए साफ कहा है कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


