ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और कूड़ा निस्तारण की समस्याओं पर हुई चर्चा, क्षेत्रीय विकास के लिए जनप्रतिनिधियों ने दिए समाधान के आश्वासन

नैनीताल। बजून स्थित समर्पण ध्यान केंद्र में न्याय पंचायत खुर्पाताल एवं S.I.R. से संबंधित विषयों तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरिता आर्या उपस्थित रहीं।

बैठक में S.I.R. के संबंध में आम जनता को जागरूक करने और संबंधित जानकारी घर-घर तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।

क्षेत्रवासियों द्वारा पेयजल संकट का मुद्दा उठाए जाने पर विधायक सरिता आर्या ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं में सुधार, मंगोली-गहलना सड़क तथा फगुनियाखेत सड़क निर्माण जैसे मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठाए गए।

बैठक के दौरान ओबीसी मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विजय गोस्वामी एवं मंडल महामंत्री गौरव गोस्वामी ने ग्राम सभा खुर्पाताल के खाड़ी क्षेत्र (गोस्वामी बस्ती) में सीसी मार्ग निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक सरिता आर्या ने सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹2 लाख की विधायक निधि देने की घोषणा की और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हेम आर्य ने भाजपा सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने और शीघ्र समाधान कराने की बात कही। उन्होंने जनगणना एवं S.I.R. कार्यक्रम में जनता से सहयोग की अपील भी की।

सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत ने जनगणना और S.I.R. से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

अपने संबोधन में विधायक सरिता आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, खानपान और सांस्कृतिक विरासत को देशभर में पहचान दिलाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय संस्कृति और उत्पादों के प्रचार-प्रसार से लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिल सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खुर्पाताल शक्ति केंद्र प्रभारी एवं मंडल मंत्री विजय बिष्ट ने की, जबकि संचालन ओबीसी मोर्चा मंडल महामंत्री गौरव गोस्वामी ने किया। बैठक में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  सीआरएसटी ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन, फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने का लिया संकल्प
error: Content is protected !!