हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस ने बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर उनके आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से ठगी गए सोने के दो कंगन भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अपराधों की रोकथाम और मामलों के त्वरित खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, आकाश इन्क्लेव लालडांठ विठौरिया निवासी सेवानिवृत्त कर्नल कुंदन सिंह कालाकोटी ने 12 मई 2026 को थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मई को कुछ अज्ञात ठग उनके घर पहुंचे और पत्थर व आभूषण चमकाने का झांसा देकर उन्हें तथा उनकी पत्नी को सम्मोहित कर सोने की चार चूड़ियां, दो चैन और एक अंगूठी लेकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 59/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बाजपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर बिहार के कटिहार जिले के लक्ष्मीपुर निवासी 25 वर्षीय राजा कुमार पुत्र कुमोद साह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ठगी गए सोने के दो कंगन बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक अन्य साथी जितेंद्र साह अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।


