ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े शैक्षणिक संस्थानों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज के बाहर शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज गेट के समीप संचालित एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही रेस्टोरेंट से घना धुआं उठने लगा, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैलने लगी। घटना के समय आसपास काफी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी मिंदर पाल सिंह, सीओ अमित सैनी तथा सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी पुलिस और दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक दी गई।

हालांकि आग की चपेट में आने से रेस्टोरेंट के भीतर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कॉलेज परिसर के बाहर संचालित इस रेस्टोरेंट को सभी आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालन की स्वीकृति प्राप्त थी या नहीं।

कॉलेज जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आग लगने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में द्वितीय चीफ जस्टिस कप गोल्फ प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुख्य न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों ने लगाए दमदार शॉट
error: Content is protected !!