ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद नैनीताल में हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूंगी क्षेत्र में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व स्थलीय निरीक्षण करने, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जैमर, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण अनुशासन और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा के सफल संचालन के लिए परिवेक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी गई है।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि भवाली स्थित कैंची धाम के स्थापना दिवस कार्यक्रम के कारण मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, संबंधित उपजिलाधिकारी, 57 परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, आयोग के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के दृष्टिबाधित भाई-बहन ने रचा इतिहास, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से होंगे सम्मानित
error: Content is protected !!