ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कैंची धाम ड्यूटी में शराब और अभद्रता पर SSP का बड़ा एक्शन, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

युवती से छेड़छाड़ के आरोप में दो पुलिसकर्मियों पर FIR, SSP का सख्त एक्शन

नशे में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप, एफआईआर दर्ज; बर्खास्तगी तक की कार्रवाई शुरू

भवाली/नैनीताल। कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता और आपराधिक कृत्य के आरोप में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद (थाना केलाखेड़ा, उधम सिंह नगर) तथा हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार (थाना गदरपुर, उधम सिंह नगर) कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी में तैनात थे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में रुके हुए थे, जहां उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया। नशे की हालत में दोनों पर होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने तथा परिजनों एवं स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। सीओ, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर स्थानीय लोगों की मौजूदगी एवं वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपित पुलिसकर्मी वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। निलंबन के साथ-साथ सेवा से बर्खास्तगी तक की कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपद के एसएसपी को भी इस संबंध में रिपोर्ट भेजी गई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार का आपराधिक आचरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  आंगनबाड़ी कार्यकर्ती का शव पेड़ से लटका मिला, गांव में सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच

You missed

error: Content is protected !!