कड़े पहरे में UKSSSC परीक्षा, नकल पर सख्त निगरानी, परीक्षा केंद्रों पर पुलिस का हाई अलर्ट
हल्द्वानी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को नकल विहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
रविवार को आयोजित परीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके अलावा एलआईयू और एसओजी की टीमें लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि जोनल और सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नैनीताल पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।
पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों के चलते जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है।


