देहरादून में युवक की मौत के बाद गांव में हिंसा, आरोपी के घर में लगाई आग

देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

शनिवार शाम हुए खूनी संघर्ष के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित लोगों और हिंदू संगठनों ने आरोपियों के घरों के बाहर प्रदर्शन किया तथा कुछ स्थानों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। प्रदर्शन के दौरान एक आरोपी के घर में आगजनी की भी सूचना है। हालात को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बुलडोजर के साथ आरोपियों के घरों पर पहुंचे और अवैध निर्माणों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाली हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के अनुसार खेत में पानी लगाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम आरोपियों ने अपने समर्थकों के साथ उनके घर पर धावा बोल दिया और लाठी-डंडों, हथौड़ों तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते और एक-दूसरे का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह खेत में पानी लगाने को लेकर हुआ झगड़ा सामने आया है, जबकि गांव के प्रधान ने इसे जमीन विवाद से जुड़ा मामला बताया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया, जिसमें विनोद कश्यप की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। तीन अन्य घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड वन विभाग में भर्ती का मौका: SRF, JRF समेत कई पदों पर आवेदन आमंत्रित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.