हिंदू युवक की हत्या के बाद देहरादून में भड़की हिंसा, कई घरों को फूंका, इंटरनेट बंद, 25 पर FIR
देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में एक युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। सेटरिंग के सामान के किराये और सरकारी ट्यूबवेल से पानी लेने को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने शनिवार को खूनी रूप ले लिया, जिसमें विनोद नामक युवक की कथित तौर पर हथौड़े और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विनोद, राजेश और अशोक का गांव के पूर्व प्रधान इस्तिपाक के भतीजे इम्तियाज से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद रज्जाक, अमन, यूनूस, अनीस समेत 20 से 25 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया, जिसमें विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हमले में घायल दो अन्य लोगों का उपचार जारी है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। विनोद के बुजुर्ग पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
युवक की मौत की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वारदात के बाद भी आरोपी खुलेआम घूमते रहे। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई तथा गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घरों की ओर मार्च किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशित लोगों ने पहले कई घरों पर पथराव किया और बाद में कुछ मकानों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाने और आग लगाने का प्रयास किया गया। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त बल मौके पर भेजा। गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर डेरा डाले हुए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में तीन नामजद आरोपियों समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है तथा सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।


