कैंची धाम स्थापना दिवस को लेकर चाक-चौबंद सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक प्लान की समीक्षा
कैंची धाम मेले के लिए तैयार प्रशासन, भारी पुलिस बल और सीसीटीवी से होगी निगरानी
भवाली/नैनीताल। बाबा नीम करोली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस (15 जून) को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं।
स्थापना दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने संयुक्त रूप से भवाली, भीमताल तथा कैंची धाम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवाली सेनेटोरियम, नैनी बैंड, खुटानी और विकास भवन भीमताल में पार्किंग स्थलों की क्षमता, बैरियर ड्यूटी और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कैंची धाम मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की जांच कर अधिकारियों ने सुरक्षा को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरीकेडिंग, कतार प्रबंधन और पैदल मार्गों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आईजी निवेदिता कुकरेती और एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. लगातार ग्राउंड जीरो पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन योजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, एलीट फोर्स और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। साथ ही पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।


