विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के कैंची धाम स्थित मन्दिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कालाढूंगी में आयोजित हुआ विशाल भंडारा।
रिपोर्टर – नीरज तिवारी
कालाढूंगी/हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करोली महाराज के पावन मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को कालाढूंगी में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा नीम करोली महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत माहौल में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी बाबा के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आयोजकों ने बताया कि पिछले चार वर्षों से लगातार इस विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और बाबा नीम करोली महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।


