बारिश में भी नहीं थमी आस्था की धारा, कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन
भवाली/कैंची धाम। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेला 2026 में सोमवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा को डिगा नहीं सकी और देश-विदेश से पहुंचे एक लाख से अधिक भक्तों ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह 5 बजे से शुरू हुए दर्शन देर शाम आरती तक लगातार चलते रहे। बारिश के बावजूद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन बाबा के जयकारों और भक्ति भाव से कैंची धाम गूंजता रहा।
मेले के सफल संचालन के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात तथा दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। शटल सेवा, चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था और सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन के चलते भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए गए।
पुलिस जवानों ने सेवा भाव के साथ वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं और असहाय श्रद्धालुओं की सहायता की। वहीं एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई।ऋ
भारी बारिश के बीच भी पुलिस, प्रशासन और सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ जुटे रहे। श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहद सुगम रही।
कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में उमड़ी यह विशाल भीड़ बाबा नीम करौली महाराज के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बन गई।


