फिल्म निर्माता और कास्टिंग डायरेक्टर ने अल्मोड़ा के पाली गुणादित्य स्थित प्राचीन आदित्य मंदिर में संभाली आध्यात्मिक जिम्मेदारी
अल्मोड़ा। मनोरंजन जगत और आध्यात्मिक दुनिया को चौंकाने वाली एक अनोखी खबर सामने आई है। भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे युवा फिल्म प्रोड्यूसर और प्रसिद्ध कास्टिंग डायरेक्टर कार्तिक पालीवाल ने ग्लैमर की दुनिया से अलग होकर उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की भनोली तहसील स्थित पाली गुणादित्य के ऐतिहासिक आदित्य मंदिर के मुख्य पुजारी का दायित्व संभाल लिया है।
14 अप्रैल 1997 को नई दिल्ली में जन्मे कार्तिक पालीवाल ने कम उम्र में ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। पालीवाल एंटरटेनमेंट के संस्थापक के रूप में उन्होंने कई कलाकारों को मंच दिया और अपने कार्य के लिए ‘यंगेस्ट प्रोड्यूसर ऑफ इंडिया’, ‘इमर्जिंग प्रोड्यूसर ऑफ इंडिया’ तथा ‘महाराष्ट्र रत्न अवॉर्ड’ जैसे सम्मान प्राप्त किए।
कार्तिक ने टी-सीरीज के बैनर तले चर्चित म्यूजिक वीडियो ‘मुसाफिर’ का निर्माण किया। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड फिल्म ‘ड्रीम कैचर’ का भी निर्माण किया, जिसमें अभिनेता धर्मेंद्र और अंतरराष्ट्रीय कलाकार ट्रैविस जेफ्री ने अभिनय किया।
सफल फिल्मी करियर के बावजूद कार्तिक ने आध्यात्मिक जीवन को अपनाते हुए खुद को सनातन परंपरा और ईश्वर सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। अब वह पाली गुणादित्य के प्राचीन आदित्य मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना, वैदिक अनुष्ठानों और धार्मिक गतिविधियों का संचालन करेंगे।
स्थानीय लोगों ने उनके इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे देवभूमि और सनातन संस्कृति के लिए प्रेरणादायक बताया है। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में मंदिर की व्यवस्थाओं को नई दिशा मिलेगी और इस ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।
आने वाले समय में मंदिर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाने की तैयारी है।


