ब्रेकिंग न्यूज़ : नैनी झील में लगातार शवों के मिलने का सिलसिला जारी
नैनीझील से चार दिनों में तीन शव मिलने से सनसनी
पाषाण देवी मंदिर के पास मिला 28 वर्षीय प्रकाश का शव, गुमशुदगी दर्ज थी; पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार शव मिलने की घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। मंगलवार सुबह पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में एक और शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान सात नंबर निवासी 28 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी पिछले कुछ दिनों पहले मल्लीताल कोतवाली में दर्ज कराई गई थी।
राहगीरों ने झील में शव उतराता देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला।
शव के पास एक लावारिस बैग भी मिला, जिसमें चार्जर, बच्चे की दूध की बोतल, महिला की चप्पल और शराब की एक छोटी बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को 45 वर्षीय मनीष साह का शव पाषाण देवी क्षेत्र से बरामद हुआ था। इसके अगले दिन शनिवार को ऑल सेंट्स कॉलेज के 48 वर्षीय सफाई कर्मचारी महिंद्र चौहान का शव एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर के पास झील में मिला था। वहीं सोमवार को एक नेपाली युवक ने झील में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसे स्थानीय युवक ने साहस दिखाते हुए बचा लिया।
लगातार चार दिनों में नैनीझील से तीन शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों और पर्यटकों में चिंता बढ़ा दी है। झील की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


