ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई।

शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त करते समय उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए एक बैल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2009 बैच के कांस्टेबल भुवन आर्या (41) पुत्र मनीराम, निवासी मित्रपुरम, जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, हल्द्वानी, वर्तमान में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात थे। शुक्रवार देर रात वह अपनी नियमित गश्त पर बाइक से क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास अचानक एक बैल सड़क पर आ गया और उनकी बाइक उससे टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे में कांस्टेबल भुवन आर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बैल का सींग उनके सीने के पास लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट पहुंची। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।
कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत की खबर मिलते ही उनके पिता मनीराम, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार में मातम पसरा हुआ है। भुवन आर्या तीन भाइयों में बीच के थे। उनके परिवार में पत्नी और सात वर्षीय पुत्र हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ड्यूटी के दौरान एक कर्मठ पुलिसकर्मी की असामयिक मृत्यु से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने भुवन आर्या के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें :  बाजपुर-कालाढूंगी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में छह घायल
error: Content is protected !!