ग्रीष्मावकाश के बावजूद अस्थायी प्रवेश समिति कर रही प्रवेश कार्य, 432 छात्रों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण
रानीखेत। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के निर्देशों के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो गई है। महाविद्यालय में 11 जुलाई तक ग्रीष्मावकाश होने के बावजूद अस्थायी प्रवेश समिति के माध्यम से 1 जुलाई से प्रवेश कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
महाविद्यालय में प्रवेश को लेकर छात्रों में उत्साह देखने को मिल रहा है। 27 जून तक कुल 432 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें बीए में 275, बीकॉम में 56, बीएससी (जीव विज्ञान) में 61 तथा बीएससी (गणित) में 40 छात्रों ने आवेदन किया है। विश्वविद्यालय के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 जुलाई को मेरिट सूची महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई।
मेरिट सूची जारी होने के बाद मूल अभिलेखों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। प्रवेश सत्यापन के पहले दिन शुक्रवार को कुल 9 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सफलतापूर्वक सत्यापन किया गया, जिनमें 7 बीए तथा 2 बीएससी (जीव विज्ञान) के छात्र शामिल हैं।
बीए प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया का संचालन डॉ. जे. एस. रावत एवं डॉ. निधि पाण्डे कर रहे हैं, जबकि बीएससी और बीकॉम की प्रवेश प्रक्रिया डॉ. प्राची जोशी, डॉ. सी. एस. पंत एवं डॉ. कोमल गुप्ता के निर्देशन में संचालित की जा रही है। ग्रीष्मावकाश के दौरान भी समिति के सदस्य विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डे ने प्रवेश समिति की कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेरिट सूची में चयनित सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्रों और स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश की औपचारिकताएं समय पर पूरी करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न होगी।


