ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी नगर निगम का अभियान तेज, कूड़ा गाड़ी को ही दें घरेलू कूड़ा; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

हल्द्वानी। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि जो लोग नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को कूड़ा देने के बजाय खुले स्थानों पर कूड़ा फेंकते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि बेनीसी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई लोग मात्र 60 रुपये मासिक यूजर चार्ज बचाने के लिए घरेलू कूड़ा सार्वजनिक स्थानों पर फेंक रहे हैं।

वहीं, कुछ मकान मालिक अपने किरायेदारों का कूड़ा भी खुले स्थानों पर डलवा रहे हैं, जिससे शहर की स्वच्छता प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।

शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम, 2016 लागू हैं तथा न्यायालय के आदेशों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे घर का कूड़ा केवल नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को ही सौंपें।

यदि कोई व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ 5 हजार, 10 हजार और 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इसलिए सभी शहरवासी निर्धारित व्यवस्था के तहत ही कूड़े का निस्तारण करें और स्वच्छ हल्द्वानी अभियान में सहयोग दें।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 17 अगस्त 2026
error: Content is protected !!