ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। शहर के एएनझा इंटर कॉलेज (अटल उत्कृष्ट आदर्श विद्यालय) में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। कक्षा नौ में पढ़ाई के दौरान छत पर लगा चल रहा पंखा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में एक छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके पास बैठा दूसरा छात्र भी घायल हो गया।

प्रीत विहार कॉलोनी निवासी संगम, जो कक्षा नौ का छात्र है, शनिवार को अन्य विद्यार्थियों के साथ कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान छत का पंखा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। पंखे की चपेट में आने से संगम के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि उसके बगल में बैठा वैष्णव भी घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद कक्षा में पढ़ा रहे शिक्षक एम.एम. जोशी दोनों छात्रों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने संगम के सिर पर टांके लगाए, जबकि दूसरे छात्र का भी उपचार किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंखे को थामे रखने वाली लोहे की रॉड काफी कमजोर हो चुकी थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपति बिंद ने बताया कि कक्षा नौ का सेक्शन-डी नए भवन में संचालित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जांच कराई जा रही है कि हादसा लोहे की रॉड कमजोर होने से हुआ या फिर कोई बोल्ट निकल गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में आपदा से निपटने की तैयारी परखी गई, पांच स्थानों पर मॉकड्रिल के जरिए राहत-बचाव अभियान का अभ्यास

You missed

error: Content is protected !!