रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर 29.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे धनगढ़ी पुल का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि कुमाऊँ और गढ़वाल को जोड़ने वाला विकास का मजबूत सेतु है, जिससे वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से मार्ग अक्सर बंद हो जाता था, जिससे आम जनता, पर्यटकों, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब इस पुल के निर्माण से वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध यातायात संभव होगा।
उन्होंने कहा कि धनगढ़ी पुल पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनजीवन को नई गति देगा। साथ ही वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि धनगढ़ी के निकट लगभग 18.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पनौद पुल का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिलान्यास के साथ योजनाओं का समयबद्ध तरीके से लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने रामनगर क्षेत्र के वन खत्तों में बसे परिवारों की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने कहा कि धनगढ़ी पुल से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा। इससे व्यापार, कृषि, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी तथा चारधाम यात्रा और जिम कॉर्बेट आने वाले पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा नव निर्मित पुल का पैदल निरीक्षण करते हुए कॉर्बेट क्षेत्र में वन्यजीवों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, महेश जीना, प्रमोद नैनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., सीडीओ अरविंद कुमार पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


