हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव या गंदगी की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट, काठगोदाम) सहित वार्ड संख्या 29 और 30 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम की टीमों को फील्ड में सक्रिय रहने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में कार्य कर रही हैं और हर संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा, “मेरा प्रयास है कि हल्द्वानी-काठगोदाम का प्रत्येक वार्ड स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त रहे। नागरिकों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और नगर निगम हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।”
अंत में महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाए रखने में नगर निगम का सक्रिय सहयोग करें।


