ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

50-60 हजार रुपये के लोन का झांसा देकर ठगे हजारों, बनभूलपुरा में 19 लोग बने शिकार

फाइल चार्ज और कमीशन के नाम पर प्रति व्यक्ति वसूले करीब 4 हजार रुपये, एएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

हल्द्वानी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सस्ते लोन का लालच देकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। 50 से 60 हजार रुपये का आसान लोन दिलाने का झूठा वादा कर एक महिला और एक पुरुष ने दर्जनों लोगों से फाइल चार्ज और कमीशन के नाम पर हजारों रुपये वसूल लिए। अब तक पुलिस के सामने 18 से 19 पीड़ित सामने आ चुके हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को लोन उपलब्ध कराने वाली संस्था से जुड़ा बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। वे जरूरतमंद लोगों को बिना किसी परेशानी के 50 से 60 हजार रुपये का लोन दिलाने का भरोसा देते थे। इसके एवज में प्रत्येक व्यक्ति से फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस और कमीशन के नाम पर करीब 4 हजार रुपये जमा कराए जाते थे।

रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो किसी के खाते में लोन की राशि भेजी और न ही उनसे दोबारा संपर्क किया। जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद लोगों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

अपर पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह कत्याल ने बताया कि मामला कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र का है। शुरुआती जांच में 18 से 19 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर और अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

एएसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनधिकृत संस्था या व्यक्ति के झांसे में आकर लोन के नाम पर अग्रिम भुगतान न करें। ऋण केवल अधिकृत बैंकों, पंजीकृत वित्तीय संस्थानों और सहकारी समितियों से ही लें। यदि कोई व्यक्ति या संस्था लोन दिलाने का दावा करती है तो पहले उसकी जानकारी नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में सत्यापित अवश्य कर लें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इसी तरह की ठगी का शिकार हुआ है तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराए, जिससे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी से नाबालिग छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता, स्कूल गेट से युवक के साथ जाती दिखी; लाखों के जेवर और नकदी भी गायब

You missed

error: Content is protected !!