ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में अगले 48 घंटे मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की चेतावनी जारी की है। देर रात से ही देहरादून समेत कई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए बुधवार को देहरादून और नैनीताल जिलों के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

आईएमडी के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

10 जुलाई को भी मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है। इस दिन पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा जिला सूचना अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास न जाएं तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहकर आवश्यक संसाधन और मानव बल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर 400 साल पुराना विशाल पेड़ गिरा, सड़क बंद, बिजली आपूर्ति ठप

You missed

error: Content is protected !!