कुमाऊं मंडल के 37 आईटीआई में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली लागू, प्रशिक्षण के साथ मिलेगा कंपनी का अनुभव और मानदेय
नैनीताल। उत्तराखंड में कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के लिए 25 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत कुमाऊं मंडल के उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) राजेंद्र पांडे ने बताया कि प्रदेश के सभी राजकीय आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य को बेहतर बनाना चाहते हैं, वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें।
उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल के 37 राजकीय आईटीआई में विभिन्न व्यवसायों में ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली) संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत एक वर्षीय पाठ्यक्रम करने वाले प्रशिक्षार्थियों को छह माह आईटीआई तथा छह माह चयनित कंपनी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, द्विवर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थी एक वर्ष आईटीआई और एक वर्ष संबंधित कंपनी में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
राजेंद्र पांडे ने बताया कि इस व्यवस्था से प्रशिक्षार्थियों को उद्योगों के वास्तविक कार्य वातावरण, अनुशासन, समय प्रबंधन, कार्य संस्कृति और आधुनिक तकनीकों का अनुभव मिलेगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित कंपनियां नियमानुसार मानदेय (स्टाइपेंड) भी प्रदान करेंगी, जिससे प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहायता भी मिलेगी और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने बताया कि संस्थान स्तर से सभी प्रशिक्षार्थियों को आईटीआई की ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष संस्थान परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करती हैं और योग्य प्रशिक्षार्थियों को संस्थान से ही अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई और बैंक अधिकारियों को संस्थानों में आमंत्रित किया जाता है। वे प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार योजनाओं, बैंक ऋण, सरकारी सहायता और उद्यम स्थापना संबंधी जानकारी देते हैं। इससे युवा स्वयं का रोजगार शुरू कर पहाड़ों से होने वाले पलायन को रोकने में भी योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अग्निवीर भर्ती में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार वरीयता प्रदान की जाती है, जिससे युवाओं के लिए रक्षा सेवाओं में भी बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 25 जुलाई 2026
आवेदन पत्र संशोधन : 22 से 25 जुलाई 2026
मेरिट सूची का प्रकाशन : 26 जुलाई 2026
विकल्प भरने की तिथि : 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026
प्रथम काउंसलिंग/संस्थान आवंटन : 4 अगस्त 2026
प्रवेश की तिथि : 4 अगस्त से 10 अगस्त 2026
उप नोडल अधिकारी राजेंद्र पांडे ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना ऑनलाइन आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं अथवा उत्तराखंड आईटीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


