ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में अगले 24 घंटे भारी बारिश का रेड अलर्ट, गौला नदी उफान पर; प्रशासन हाई अलर्ट पर

नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत में भारी से भारी बारिश की चेतावनी, अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त, संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी तैनात

हल्द्वानी। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अगले 24 घंटों के दौरान नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी से भारी बारिश (रेड अलर्ट) की चेतावनी जारी की गई है। संभावित आपदा को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की तैनाती कर दी गई है, ताकि बारिश के दौरान सड़कें बंद होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोला जा सके और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

लगातार हो रही बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। हल्द्वानी की गौला नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और फिलहाल यह करीब 10 हजार क्यूसेक के आसपास पहुंच गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि यदि अगले 24 घंटों के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश जारी रहती है तो गौला नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।

इस बीच कुमाऊं आयुक्त ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों को गंभीरता से लेते हुए पहले से ही आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी रखें।

राहत एवं बचाव दल, मशीनरी और आवश्यक संसाधनों को संवेदनशील स्थानों पर पहले से तैनात रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें :  ओखलकांडा दौरे पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं ग्रामीणों व भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

You missed

error: Content is protected !!