ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

30 अप्रैल को हुई थी शादी, हरिद्वार से छुट्टी लेकर पत्नी का जन्मदिन मनाने आया था कमल 

लालकुआं। पत्नी के जन्मदिन पर सरप्राइज देने हरिद्वार से घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। गुरुवार को पत्नी का जन्मदिन होने पर वह छुट्टी लेकर उसे सरप्राइज देने घर पहुंचा था।

गुरुवार रात परिवार ने खुशी-खुशी जन्मदिन मनाया। भोजन करने के बाद कमल सोने चला गया। शुक्रवार सुबह उसे हरिद्वार लौटने के लिए लालकुआं से सुबह 6 बजे की ट्रेन पकड़नी थी। उसने पत्नी से समय पर जगाने के लिए कहा था और मोबाइल में अलार्म भी लगाया था।

शुक्रवार सुबह अलार्म बजने के बावजूद जब कमल नहीं उठा तो पत्नी ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। घबराई पत्नी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कमल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में 9 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को किया हाई अलर्ट पर
error: Content is protected !!