ब्रेकिंग न्यूज़

हमलावर ने घर में घुसकर 20 वर्षीय युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या,बुआ और बुजुर्ग महिला पर भी हमलावर ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से किया घायल, क्षेत्र में दहशत का माहौल

रानीखेत (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के दूरस्थ ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर 20 वर्षीय युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। युवक को बचाने के लिए आगे आई उसकी बुआ और बुजुर्ग महिला पर भी हमलावर ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, सिमोली गांव निवासी 20 वर्षीय सागर पुत्र चंदन सिंह अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया हुआ था। सागर मेरठ में पढ़ाई कर रहा था और पिछले कुछ समय से भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की तैयारी भी कर रहा था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया और सागर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए सागर का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सागर की जान बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी बुआ जानकी देवी और उनकी सास साबुली देवी पर भी हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला अस्पताल रानीखेत पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हमलावर की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण को 72.36 लाख रुपये स्वीकृत,जल्दी शुरू होगा डामरीकरण व सुधारीकरण का कार्य-मंत्री कैड़ा
error: Content is protected !!