ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामपुर रोड के पर्वतीय मोहल्ले के लोगों का आरोप—स्मार्ट मीटर लगने के बाद दोगुने से कई गुना बढ़े बिजली बिल, सुधार नहीं हुआ तो मीटर हटाने की चेतावनी

हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए वार्ड संख्या-19, रामपुर रोड स्थित पर्वतीय मोहल्ले के लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व समाजसेवी विशाल वर्मा एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने किया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्रवासियों के विरोध के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जबरन स्मार्ट मीटर लगाए।

उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिकांश उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक आने लगे हैं, जिससे महंगाई के दौर में लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब वार्ड-19 में आगे किसी भी घर में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिया जाएगा।

पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि कई उपभोक्ताओं के घरों में सोलर पैनल लगे होने के बावजूद पहले जहां बिजली बिल 500 से 1000 रुपये के बीच आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल कई हजार रुपये तक पहुंच गया है।

उन्होंने दावा किया कि एक उपभोक्ता, जिसके घर में सोलर पैनल भी लगा है, उसे 5 जुलाई को 13,077 रुपये का बिजली बिल प्राप्त हुआ। इसके अलावा कई अन्य उपभोक्ताओं को भी 5 हजार, 6 हजार, 7 हजार और 10 हजार रुपये तक के बिल मिले हैं।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा लोगों को डराकर और दबाव बनाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए। उन्होंने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल असामान्य रूप से अधिक आए हैं, उनकी तत्काल जांच कर बिलों में सुधार किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान समाजसेवियों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया और स्मार्ट मीटर हटाने की कार्रवाई स्वयं नहीं की, तो क्षेत्रवासी सामूहिक रूप से स्मार्ट मीटर हटाने का आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन में क्षेत्र की माताएं, बहनें, बुजुर्ग, युवा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण पर हाईकोर्ट सख्त, तीन सचिवों को किया तलब; 22 हजार कर्मचारियों से जुड़ा मामला
error: Content is protected !!