हल्द्वानी। नैनीताल मार्ग पर भुजियाघाट के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में टवेरा कार और बुलेट बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।

हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार और बाइक दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया।

काठगोदाम कोतवाल जसवीर चौहान ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टवेरा कार (यूके 04 टीए 3921) और बुलेट बाइक (यूके 04 वाई 6350) गहरी खाई में गिरी हुई मिलीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायल बाइक चालक को खाई से बाहर निकाला।

घायल की पहचान पुराण चंद्र जोशी पुत्र रेवाधार जोशी, निवासी भगवानपुर, मुखानी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टवेरा कार काठगोदाम से भुजियाघाट की ओर जा रही थी, जबकि बुलेट बाइक हल्द्वानी की दिशा में आ रही थी। आरोप है कि टवेरा चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी लेन छोड़ दी, जिससे सामने से आ रही बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोग घायल को बचाने में जुटे रहे। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से सफल रेस्क्यू कर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण टवेरा चालक की कथित लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर में भीषण सड़क हादसा, बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, तीन गंभीर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.