बिलासपुर। बिलासपुर में रविवार तड़के रेलवे ट्रैक पर एक 30 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत देर रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मनोज चंद्र जोशी (30) पुत्र ईश्वर चंद्र जोशी निवासी ग्राम तिमला कुट, थाना पाटी, जिला चंपावत (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर कोतवाली के उप निरीक्षक केशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव कोठा जागीर गांव स्थित रेलवे स्टेशन से रुद्रपुर की ओर करीब 400 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। यह स्थान केमरी रोड पर राधे निवास कॉलोनी से आगे धर्मकांटे के पास जाने वाले मार्ग पर स्थित है।
सूचना मिलने पर जीआरपी तड़के करीब तीन बजे मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त व पंचनामा की कार्रवाई की। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई प्रतीत होती है। मामले में आगे की जांच और अन्य कानूनी कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है।



