ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

युवती सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी; युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है

हल्द्वानी। हल्द्वानी में बुधवार शाम एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां भाई से हुई कहासुनी के बाद 20 वर्षीय युवती ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवती को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से उधम सिंह नगर जिले के किच्छा निवासी वसीम का परिवार हाल ही में हल्द्वानी के इंद्रानगर छोटी रोड क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार करीब पांच दिन पहले ही बनभूलपुरा क्षेत्र में रहने के लिए शिफ्ट हुआ था।

बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह खाना बीच में छोड़कर घर से निकल गई। परिजनों ने शुरुआत में इसे भाई-बहन के बीच सामान्य विवाद समझा और अधिक ध्यान नहीं दिया।

कुछ देर बाद युवती गौला पुल पहुंची और वहां से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख तुरंत नदी में उतरकर उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी में उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती की जान बच सकी।

यह भी पढ़ें :  रिश्तों का कत्ल: 150 करोड़ की संपत्ति के मालिक पिता को बेटे ने मारी गोलियां, आरोपी फरार

You missed

error: Content is protected !!