नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल में शुक्रवार को सीआईएससीई जोनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजिना रिचर्ड्स ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता की शपथ दिलाकर किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में बालिका वर्ग में सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट कॉलेज, नैनीताल और एचडी फाउंडेशन स्कूल, हल्द्वानी आमने-सामने रहे। रोमांचक मुकाबले में एचडी फाउंडेशन स्कूल ने 12–5 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की सभी खिलाड़ियों ने 2-2 अंक अर्जित किए, जबकि सेंट मेरीज़ की रिधिमा साह ने सर्वाधिक 4 अंक बनाए।
दूसरे मुकाबले में बालक वर्ग में सेंट जोसेफ्स कॉलेज, नैनीताल ने एचडी फाउंडेशन स्कूल, हल्द्वानी को 20–7 से पराजित किया। सेंट जोसेफ्स के खुशनवाज़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 अंक बनाए, जबकि आयुष ने 4 अंक का योगदान दिया। एचडी फाउंडेशन स्कूल की ओर से सिद्धांत लोहनी ने 5 अंक अर्जित किए।
तीसरे मुकाबले में मेजबान ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल की बालिका टीम ने एचडी फाउंडेशन स्कूल, हल्द्वानी पर एकतरफा दबदबा बनाते हुए 36–3 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। ऑल सेंट्स कॉलेज की ज़ायना रहमान ने सर्वाधिक 24 अंक बनाकर मैच की स्टार खिलाड़ी रहीं, जबकि जज़म ने 6 अंक जोड़े। एचडी फाउंडेशन स्कूल की ओर से नियति पंत ने 3 अंक बनाए।
प्रतियोगिता के मैचों का संचालन रेफरी राजीव गुप्ता, हरीश चौधरी, फरीद अहमद, शेरब खम्पा एवं विनोद कनारी ने किया।
दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 26 जुलाई को संपन्न होगी। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 1 और 2 अगस्त को देहरादून में आयोजित अगले चरण की प्रतियोगिता में कुमाऊँ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर खेल विभागाध्यक्ष गोपाल बिष्ट, नाइट, दीक्षित बिष्ट, मयंक रावत, कामाक्षी बिष्ट, फैज़ान, करण शर्मा, हर्षिता बिष्ट, प्रिया पुजारी, भूपेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


