ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

“आत्मीय संवाद–कालाढूंगी 2027” में विकास का संकल्प, जनभागीदारी से आत्मनिर्भर और समृद्ध क्षेत्र बनाने पर जोर

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी (नैनीताल)। समाज की सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध कालाढूंगी के निर्माण के उद्देश्य से रविवार को “आत्मीय संवाद – कालाढूंगी 2027 : जनसंकल्प से जनसमृद्धि तक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरों से पहुंचे हजारों पूर्व सैनिकों, शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए विकसित कालाढूंगी और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक जनभागीदारी का मजबूत वातावरण तैयार करना था। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार, पुस्तकालय संस्कृति, युवाओं के कौशल विकास, खेल, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई रचनात्मक और व्यवहारिक सुझाव भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने गांव, नगर और क्षेत्र के विकास को अपना दायित्व समझे, तो कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र पूरे उत्तराखंड के लिए विकास का आदर्श मॉडल बन सकता है।

उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, युवा सशक्तिकरण, खेल, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। “गांव का गौरव”, “नगर के नायक” जैसी प्रेरक पहल, “रात्रि चौपाल” के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान, पुस्तकालय संस्कृति को बढ़ावा देने के अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले अनेक जनकल्याणकारी अभियान इसी निरंतर जनसेवा की कड़ी हैं।

मनोज पाठक ने कहा कि इन सभी प्रयासों का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को परिवर्तन की प्रक्रिया का सक्रिय सहभागी बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से कालाढूंगी के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसंकल्प और जनभागीदारी के बल पर ही आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कालाढूंगी का सपना साकार किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें :  जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका
error: Content is protected !!