ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हरिद्वार। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। रानीमाजरा और पदार्था गांव के बीच निर्माणाधीन वाटर पार्क के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार फेरूपुर रामखेड़ा निवासी योगेंद्र सिंह (35) और उनके छोटे भाई शरद सिंह (27) गुरुवार को किसी निजी कार्य से सहारनपुर गए थे। देर रात करीब डेढ़ बजे दोनों वैगनआर कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर रानीमाजरा और पदार्था गांव के बीच कालू प्रधान के निर्माणाधीन वाटर पार्क के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों भाइयों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने डंपर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतकों के पिता सुरेश कुमार ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ पथरी थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
बताया गया कि परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है, जो कई वर्ष पहले हरिद्वार के फेरूपुर रामखेड़ा गांव में आकर बस गया था। बड़े भाई योगेंद्र सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनकी पांच वर्षीय बेटी जन्म से दिव्यांग है। वहीं छोटे भाई शरद सिंह एक कोरियर कंपनी में नौकरी करते थे और अविवाहित थे।
दोनों भाई ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से वृद्ध माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है।
शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों भाइयों के शव घर पहुंचे तो पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक साथ दोनों भाइयों की अर्थी उठने पर गांव का माहौल गमगीन हो गया और नम आंखों से ग्रामीणों ने दोनों को अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़ें :  संस्कृतिक प्रकोष्ठ नैनीताल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृहद वृक्षारोपण

You missed

error: Content is protected !!