ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को भोटिया पड़ाव स्थित शहीद स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान उन्होंने वीर जवानों के अद्वितीय साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का पराक्रम सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता और अमर शहीदों के जयघोष के साथ हुआ। इस अवसर पर नैनीताल पुलिस ने कारगिल के अमर वीरों को शत-शत नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी के टैंक में जहरीली गैस से मां और दो बेटों की मौत, बचाने गया युवक भी हुआ बेहोश

You missed

error: Content is protected !!