ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि, स्कूली बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हल्द्वानी। कारगिल विजय की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से रविवार को हल्द्वानी में “शौर्य दिवस समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, वीर जवानों के परिजनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को याद करते हुए उनके शौर्य को नमन किया।

एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली वीर नारियों में श्रीमती जयंती देवी (पीरूमदारा, रामनगर), श्रीमती उमा देवी (मथुरा विहार, हल्द्वानी) और श्रीमती अनीता कुमारी (छड़ायल सुयाल, मानपुर पश्चिम) शामिल रहीं। वहीं नायक कैलाश चंद, सिपाही कृष्ण बहादुर राणा और नायक सूबेदार गंगा सिंह को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व में आयोजित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

निबंध प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) में निशा ने प्रथम, नीमा तिवारी ने द्वितीय और आरती कुंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में पवन भट्ट प्रथम, कंचन द्वितीय और वीर गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में पवन भट्ट प्रथम, साक्षय तिवारी द्वितीय और हिमांशु कनौजिया तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में परी ने प्रथम, साहू ने द्वितीय और दिव्या कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

समारोह में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी मनोज कुमार कतियाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रमेश सिंह, कर्नल (सेवानिवृत्त) बी.एस. रौतेला, कैप्टन हीरा सिंह, कैप्टन जगदीश राठौर, कैप्टन नारायण दत्त पांडे, कैप्टन राजेंद्र सिंह, हवलदार चंद्रशेखर, संजय कुमार बोरा, सूबेदार नंदन सिंह, लेफ्टिनेंट प्रहलाद खड़कवाल, कैप्टन उमेश सिंह, देवेंद्र चौहान, एनसीसी कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और नागरिक उपस्थित रहे।

शौर्य दिवस समारोह देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा, जहां कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को पूरे सम्मान के साथ याद किया गया।

यह भी पढ़ें :  भूस्खलन से जूझ रहे थापला-जलालगांव पहुंचे भाजपा नेता हेम आर्य, ग्रामीणों को जल्द सड़क निर्माण और राहत का दिया भरोसा

You missed

error: Content is protected !!