ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दुल्हन सजाओ और मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, आत्मनिर्भर बनने का मिला संदेश

नैनीताल। नैनी महिला एवं बाल विकास समिति, सूखाताल द्वारा उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से आयोजित चार माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 27 मार्च से 31 जुलाई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में 20 युवतियों और महिलाओं ने भाग लेकर सौंदर्य एवं श्रृंगार से जुड़े विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को ऐसा व्यावसायिक कौशल प्रदान करना था, जिससे वे स्वयं का ब्यूटी पार्लर या संबंधित व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आइब्रो बनाना, स्किन केयर, फेशियल, मसाज, मेनीक्योर, पेडीक्योर, ब्राइडल मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, मेहंदी डिज़ाइन सहित ब्यूटी पार्लर से जुड़े विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षक मीनाक्षी बिष्ट द्वारा कराया गया।

समापन समारोह के अवसर पर प्रतिभागियों की दक्षता का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपने सीखे हुए कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता में दीक्षा ने प्रथम, पिंकी ने द्वितीय तथा नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में साक्षी प्रथम, ईशा द्वितीय और नीलम तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं की निर्णायक निर्मला चंद्रा रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की अध्यक्ष शैलजा सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में ब्यूटी एवं वेलनेस का क्षेत्र रोजगार की अपार संभावनाएं प्रदान कर रहा है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करती हैं तो वे न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी, बल्कि परिवार की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में भी महिलाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

प्रशिक्षण में अनिशा, आशा, दीक्षा, हर्षिता, ईशा, नेहा, नीलम, पिंकी, रेणुका, साक्षी, दीपा, नेहा आर्या, अनीता सहित कुल 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समापन समारोह में संस्था की सदस्य विजय लक्ष्मी थापा, मोहिनी देवी, मंजू बिष्ट, भावना बगड़वाल, गीता बगड़वाल, हर्षिता मेहरा, लक्ष्मी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 25 जुलाई 2026

You missed

error: Content is protected !!