नैनीताल। डीएसबी परिसर, नैनीताल के रसायन विज्ञान विभाग की शोध छात्रा आयशा सिद्दीकी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और कुमाऊं का नाम रोशन किया है। आयशा ने मलेशिया के सारावाक में आयोजित इंटरनेशनल आईयूपीएसी (IUPAC) 51वीं वर्ल्ड पॉलिमर कांग्रेस—MACRO 2026 में प्रतिभाग किया और अपने शोध कार्य को पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
कांग्रेस में आयशा ने “Effect of Growth Stages, Soil and Environmental Factors on Essential Oil Composition and Biological Activities of Hyptis suaveolens” विषय पर अपना शोध पोस्टर प्रस्तुत किया। उनके शोध में Hyptis suaveolens पौधे के विभिन्न विकास चरणों, मिट्टी तथा पर्यावरणीय कारकों का उसके आवश्यक तेल (Essential Oil) की संरचना और जैविक गतिविधियों पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस में शोध प्रस्तुति देने के बाद आयशा सिद्दीकी को आयोजकों की ओर से प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से डीएसबी परिसर के रसायन विज्ञान विभाग में भी खुशी का माहौल है।
आयशा सिद्दीकी रसायन विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. गीता तिवारी के निर्देशन में अपना शोध कार्य कर रही हैं। उनके शोध कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए कांग्रेस के आयोजकों की ओर से ट्रैवल ग्रांट भी प्रदान किया गया। वर्तमान में आयशा डीएसटी इंस्पायर फेलोशिप के तहत अपने शोध कार्य को आगे बढ़ा रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक कांग्रेस में शोध प्रस्तुत करना आयशा के अकादमिक एवं शोध करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस उपलब्धि पर विभागीय शिक्षकों, शोधार्थियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।



